
उत्तरी भारत में लगातार तापमान में गिरावट जारी है। सुबह में कोहरा और दिन में ठंड के साथ सर्द हवाएं लोगों को कड़ाके की ठंड का एहसास करवा रही हैं और आने वाले दिनों में भी लोगों को शीत लहर का सामना करना होगा। मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department) के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव (Kuldeep Srivastava) ने जानकारी दी है कि 18 दिसंबर तक उत्तरी भारत में सर्द हवाओं का दौर जारी रहेगा।
पहाड़ों में लगातार हो रही बर्फबारी से उत्तर भारत ठंड के चपेट में हैं। गिरते तापमान से पूरे कश्मीर में जहां तापमान शून्य से नीचे चला गया है। वहीं, उत्तराखंड और हिमाचल में भी झील, झरने और तालाब जमने लगे हैं। इससे आम लोगों की दिक्कतें बढ़ रही हैं। इसके अलावा पहाड़ों पर पड़ रही ठंड का असर दिल्ली और आसपास के मैदानी राज्यों में भी दिखाई दे रहा है।
समाचार एजेंसी एएनआइ से बात करते हुए, आइएमडी प्रमुख ने कहा, '20 दिसंबर से मौसम की स्थिति में सुधार होगा और तापमान में 2-3 डिग्री का इजाफा होगा।' राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) के बारे में बात करते हुए, श्रीवास्तव ने कहा, 'AQI मध्यम और खराब श्रेणी के बीच दर्ज किया जा रहा है और चूंकि हवा की गति अच्छी है, इसलिए अगले तीन दिनों तक इसी श्रेणी में रहने की संभावना है।'
आइएमडी ने आज राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस का अनुमान लगाया है। आइएमडी ने ट्वीट किया, 'अगले 24 घंटों के दौरान दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और पश्चिम उत्तर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों, पंजाब, हरियाणा एवं चंडीगढ़ में कुछ दिनों में ठंड से लेकर अत्यधिक ठंड होने की संभावना है।'
दिल्ली में अक्टूबर और नवंबर के बाद दिसंबर में भी रिकार्ड तोड़ ठंड पड़ रही है। पिछले सप्ताह जरूर कुछ दिन गर्मी महसूस हुई थी, लेकिन अब दिल्ली शीत लहर की चपेट में है। न्यूनतम और अधिकतम दोनों ही तापमान में गिरावट आ रही है। ऐसे में गुरुवार को न्यूनतम तापमान ने 10 साल का रिकार्ड तोड़ दिया।
दिल्ली में आरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए आरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। विभाग का कहना है कि सुबह ही नहीं दिन के समय भी शीत लहर की स्थिति बनी रहेगी। ठंड अधिक होने के कारण गुरुवार को लोग घरों में दुबके रहे। बता दें कि गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से सात कम 15.2 और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन कम 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा। 2011 से लेकर अब तक 17 दिसंबर की तारीख का यह सबसे कम न्यूनतम तापमान है।
Leave a comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।