बलिया कांड: 3 सब इंस्‍पेक्‍टर समेत 9 पुलिसकर्मी सस्‍पेंड, 7 लोग अरेस्‍ट

रेवती थाना क्षेत्र के दुर्जनपुर में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने एक और नामजद आरोपी नरेंद्र प्रताप सिंह को गिरफ्तार किया है. नरेंद्र भी मुख्य आरोपी धीरेंद्र सिंह का भाई है. अब तक इस मामले में आठ नामजद आरोपियों में से पुलिस ने 2 नामजद और 5 अज्ञात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से दूर है. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी इसकी जानकारी दी.

पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि जिले के रेवती थाना क्षेत्र के दुर्जनपुर ग्राम में गुरुवार को सरकारी सस्ते गल्ले के दुकान के चयन के दौरान एक व्यक्ति की हुई यी हत्या के मामले में तीन उप निरीक्षक सहित नौ पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है. जिलाधिकारी हरि प्रताप शाही ने बताया कि मामले के आरोपियों के असलहा लाइसेंस को निरस्त करने की कार्रवाई की जायेगी.

अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार यादव ने शुक्रवार को बताया कि बृहस्पतिवार को रेवती थाना क्षेत्र के दुर्जनपुर ग्राम में सरकारी सस्ते गल्ले के दुकान के चयन के दौरान हुए घटना में लापरवाही बरतने के मामले में रेवती थाने में तैनात तीन उप निरीक्षकों - सूर्य कांत पांडेय, सदानन्द यादव एवं कमला सिंह यादव तथा छह अन्य आरक्षियों को निलंबित कर दिया गया है.

CM योगी की सख्‍त कार्रवाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले में इससे पहले ही उप जिलाधिकारी सुरेश चंद्र पाल तथा पुलिस उपाधीक्षक चन्द्रकेश सिंह को निलंबित कर दिया था.
अधिकारी ने बताया कि अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी की आख्या से स्पष्ट है कि अभियुक्त मौके पर असलहा लेकर आये और पुलिस उपाधीक्षक चन्द्रकेश सिंह तथा अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गये.

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रेवती थाने में चंद्रमा पाल की शिकायत पर धीरेंद्र प्रताप सिंह डब्ल्यू, भाई नरेंद्र प्रताप सिंह सहित आठ लोगों को नामजद किया गया है जबकि 20 से 25 अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध भी मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने पांच लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है.

पाल वर्ल्ड टाइम्स की खबरों को शेयर करें और सोशल मीडिया पर भी फॉलो करना न भूलें।