उपद्रवी भारतीय यात्री के कारण एयर फ्रांस के विमान की हुई इमरजेंसी लैंडिंग

एक उपद्रवी भारतीय यात्री के कारण पेरिस से नई दिल्ली आ रहे एयर फ्रांस के एक विमान को शुक्रवार को बुल्गारिया में सोफिया एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी।

बुल्गारिया की नेशनल इंवेस्टीगेशन एजेंसी के अधिकारी इवेलो एंजेलोव ने शनिवार को बताया कि विमान के उड़ान भरते ही इस भारतीय यात्री ने अन्य यात्रियों के साथ झगड़ा करना शुरू कर दिया, फ्लाइट अटेंडेंट पर हमला किया और काकपिट के दरवाजे को जोर-जोर से पीटा। उसके आक्रामक व्यवहार के मद्देनजर फ्लाइट कमांडर ने सोफिया में इमरजेंसी लैंडिंग की इजाजत मांगी।

लैंडिंग करने पर इस उपद्रवी यात्री को विमान से उतार लिया गया, हालांकि उसका नाम उजागर नहीं किया गया है। उस पर विमान सुरक्षा को खतरे में डालने का आरोप लगाया गया है। दोषी पाए जाने पर उसे 10 साल जेल में बिताने पड़ सकते हैं।

इसके बाद एयर फ्रांस के विमान ने अपनी नई दिल्ली की यात्रा पूरी की। एंजेलोव ने बताया, 'हम उसके कृत्य और उद्देश्य दोनों की पड़ताल कर रहे हैं। उसके इस व्यवहार का कोई तार्किक स्पष्टीकरण नहीं मिला है।'

पाल वर्ल्ड टाइम्स की खबरों को शेयर करें और सोशल मीडिया पर भी फॉलो करना न भूलें।