सी.एम.एस. किशोर व युवा पीढ़ी में पर्यावरण संरक्षण हेतु प्रेरित कर रहा है- प्रख्यात पर्यावरणविद् डा. हीरालाल पटेल, आई.ए.एस.

लखनऊ, 11 दिसम्बर: सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर द्वितीय कैम्पस द्वारा आयोजित चार दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय पर्यावरण ओलम्पियाड (आई.ई.ओ.-2023) का उद्घाटन आज सायं प्र्रख्यात पर्यावरणविद् डा. हीरालाल पटेल, आई.ए.एस., विशेष सचिव, सिंचाई विभाग, उ.प्र., ने विद्यालय के ऑडिटोरियम में दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर बोलते हुए डा. पटेल ने कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि अन्तर्राष्ट्रीय पर्यावरण ओलम्पियाड के माध्यम से सी.एम.एस. छात्रों, किशोरों व युवा पीढ़ी को पर्यावरण सरंक्षण हेतु प्रेरित कर रहा है। पर्यावरण सुधार आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। छात्र शक्ति व युवा जोश का सम्मिलित प्रयास ही दुनिया को पर्यावरण जैसी विषम समस्या से उबार सकता है। इस अवसर पर सी.एम.एस. छात्रों ने नेपाल, श्रीलंका, बांग्लादेश, अमेरिका, रूस, यू.ए.ई., सऊदी अरब एवं भारत के विभिन्न प्रान्तों के प्रतिभागी छात्रों व उनके शिक्षकों के सम्मान में शिक्षात्मक-साँस्कृतिक कार्यक्रमों की इन्दुघनुषी छटा बिखेरकर सभी का दिल जीत लिया। विदित हो कि आई.ई.ओ.-2023 का आयोजन 11 से 14 दिसम्बर तक सी.एम.एस. कानपुर रोड ऑडिटोरियम में किया जा रहा है।
इस अवसर पर सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने मुख्य अतिथि व अन्य गणमान्य हस्तियों का स्वागत करते हुए कहा कि हमें प्रकृति को साथ लेकर चलना है, ऐसे में पर्यावरण को शुद्ध बनाये रखने हेतु जन-जन को सक्रिय सहयोग की महती आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह ओलम्पियाड किशोर एवं युवा पीढ़ी को पर्यावरण के प्रति उनके दायित्वों से अवगत कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा।
आई.ई.ओ.-2023 की संयोजिका एवं सी.एम.एस. गोमती नगर द्वितीय कैम्पस की वरिष्ठ प्रधानाचार्या सुश्री मंजीत बत्रा ने कहा कि यह अन्तर्राष्ट्रीय ओलम्पियाड छात्रों व युवा पीढ़ी को बदलते पर्यावरण की नवीनतम जानकारियों से अवगत कराने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय भागीदारी निभाने हेतु प्रेरित करेगा। आई.ई.ओ.-2023 की सह-संयोजिका एवं प्रधानाचार्या श्रीमती संगीता बनर्जी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
‘आई.ई.ओ.-2023’ में प्रतिभाग हेतु देश-विदेश से लखनऊ पधारे प्रतिभागी छात्र आज प्रेस कान्फ्रेन्स में पत्रकारों से मिले और दिल खोलकर अपने विचार रखे। पत्रकारों से बातचीत करते हुए सेंट जोसेफ हायर सेकेण्डरी स्कूल, ढाका, बांग्लादेश से पधारे छात्रों ने कहा कि इस ओलम्पियाड में हम स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए तो आये ही हैं पर्यावरण संवर्धन के प्रति हम सभी नये-नये विचारों से अवगत हो सकेंगे। विद्यालोक कालेज, गाले, श्रीलंका से पधारे छात्रों ने कहा कि इस ओलम्पियाड में पधारे विभिन्न देशों के छात्रों के साथ विचारों का आदान-प्रदान करने से अपनी प्यारी धरती के गर्भ में छिपे संसाधनों से परिचित होने में अत्यधिक सफलता मिलेगी। नेपाल से पधारे मोनास्टिक स्कूल के छात्रों का कहना था कि यह ओलम्पियाड पर्यावरण के प्रति छात्रों एवं युवा पीढ़ी को जागरूक करने में यह विशेष मददगार साबित होगा। इसी प्रकार देश के विभिन्न प्रान्तों से पधारे प्रतिभागी छात्रों ने अपने विचार व्यक्त किये।
सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी श्री हरि ओम शर्मा ने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय पर्यावरण ओलम्पियाड में प्रतियोगिताओं का सिलसिला कल 12 दिसम्बर को प्रातः 9.00 बजे से सी.एम.एस. कानपुर रोड ऑडिटोरियम में प्रारम्भ होगा। कल 12 दिसम्बर, मंगलवार को आयोजित प्रतियोगिताओं में क्विज, एलोक्यूशन, स्पेस इनोवेटर्स चैलेन्ज, पेन्टिंग, गेमिंग एप्लीकेशन, कोर्टरूम ड्रामा, फोटोग्राफी एवं ए-कैपला शामिल हैं।
Leave a comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।